उत्तराखंड बीजेपी के नए कमांडर महेंद्र भट्ट

उत्तराखंड बीजेपी की कमान अब महेंद्र भट्ट को सौंप दी गई है। वे मदन कौशिक का स्थान लेंगे। चर्चा है कि मदन कौशिक को धामी सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया जा रहा है। बदरीनाथ विधानसभा के पूर्व विधानसभा सदस्य चमोली जिले के रहने वाले महेंद्र भट्ट को उत्तराखंड बीजेपी का नया अध्यक्ष मनोनित किया गया है। इस आशय का पत्र केंद्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी किया गया है।

 

महेंद्र भट्ट ने दो दिन पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की थी। तभी से ये कयास लगाए जा रहे थे कि उन्हें मदन कौशिक की जगह प्रदेश अध्यक्ष की बागडोर दी जाएगी। महेंद्र भट्ट दो बार के विधायक और युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ठाकुर, कुमायूं से हैं, लिहाजा प्रदेश अध्यक्ष गढ़वाल से ब्राह्मण की तलाश संगठन को थी जो कि महेंद्र भट्ट पर आकर टिकी।

51 साल के महेंद्र भट्ट को अगले स्थानीय निकाय और लोकसभा चुनाव की तैयारी करनी है। निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने स्वयं अध्यक्ष पद से हटने की इच्छा जाहिर की थी। माना जा रहा है कि उनकी वरिष्ठता को देखते हुए उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया जाएगा। पहले भी वे हर बीजेपी सरकार में महत्वपूर्ण मंत्री पदों पर रहे हैं। 

About Post Author