KNEWS DESK – मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य में उद्योग और निवेश के नए माहौल को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में हो रहे आर्थिक और औद्योगिक बदलाव देश की बढ़ती अर्थव्यवस्था का प्रतिबिंब हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ दिन पहले ही वर्ल्ड बैंक ने भविष्यवाणी की थी कि भारत आने वाले वर्षों में दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना रहेगा।
पीएम मोदी के भाषण की प्रमुख बातें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में मध्य प्रदेश की सामर्थ्य को रेखांकित करते हुए कहा कि यह जनसंख्या के आधार पर देश का पांचवां सबसे बड़ा राज्य है। यह कृषि और खनिज संपदा के मामले में भी देश के शीर्ष राज्यों में से एक है।
संयुक्त राष्ट्र की जलवायु परिवर्तन संस्था (UN) ने हाल ही में भारत को “सोलर पावर की सुपरपॉवर” कहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि जहां अन्य देश केवल योजनाएं बनाते हैं, वहीं भारत ने ठोस परिणाम दिए हैं।
एक समय था जब मध्य प्रदेश में खराब सड़कों के कारण बसें तक नहीं चल पाती थीं। आज यह राज्य देश में ईवी क्रांति के प्रमुख राज्यों में शामिल हो गया है। जनवरी 2025 तक 2 लाख ईवी (इलेक्ट्रिक व्हीकल्स) रजिस्टर हो चुके हैं, जो 90% की वृद्धि दर्शाता है।
पिछले दो दशकों में भाजपा सरकार ने गवर्नेंस पर विशेष ध्यान दिया। पहले निवेशक मध्य प्रदेश में निवेश करने से हिचकिचाते थे, लेकिन अब यह देश के टॉप इन्वेस्टमेंट डेस्टिनेशन्स में शामिल हो चुका है।
भारत ने बुनियादी ढांचे (इन्फ्रास्ट्रक्चर) के विकास में असाधारण वृद्धि देखी है। इसका लाभ मध्य प्रदेश को भी मिला है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का बड़ा हिस्सा मध्य प्रदेश से होकर गुजरता है, जिससे राज्य को उत्तरी और पश्चिमी भारत से उत्कृष्ट कनेक्टिविटी मिल रही है। 5 लाख किलोमीटर से अधिक का सड़क नेटवर्क तैयार हो चुका है।
राज्य में 100% रेल नेटवर्क का विद्युतीकरण हो चुका है। हवाई यात्रा सुविधाओं को भी आधुनिक बनाया गया है। रानी कमलापति रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ अपग्रेड किया गया है।
भारत की बढ़ती अर्थव्यवस्था के साथ ही राज्य भी आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। निवेश के बढ़ते अवसरों से यह राज्य देश के औद्योगिक केंद्रों में एक नई पहचान बना रहा है।