10 करोड़ देकर महामंडलेश्वर बनने को लेकर ममता कुलकर्णी ने किया खुलासा, कहा – ‘सिर्फ 2 लाख…’

KNEWS DESK –  बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस रहीं ममता कुलकर्णी एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह कोई फिल्म नहीं, बल्कि महाकुंभ 2025 में किन्नर अखाड़े द्वारा दी गई महामंडलेश्वर की उपाधि है। हालांकि, महज 7 दिन के भीतर ही यह पद उनसे वापस ले लिया गया, जिसके पीछे कई विवाद सामने आ रहे हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू में ममता कुलकर्णी ने इन विवादों पर खुलकर बात की और अपने ऊपर लगे आरोपों का जवाब दिया।

“मेरे पास 10 करोड़ तो क्या, 1 करोड़ भी नहीं” 

महामंडलेश्वर बनने के बाद ममता पर यह आरोप लगाया गया कि उन्होंने यह पद 10 करोड़ रुपये देकर खरीदा था। इस पर जवाब देते हुए ममता ने कहा, “मेरे पास 10 करोड़ तो छोड़िए, 1 करोड़ रुपये भी नहीं हैं। मेरे सभी बैंक अकाउंट सरकार ने सीज कर दिए हैं।”

ममता ने आगे बताया कि उन्होंने अपने गुरु को भेंट देने के लिए सिर्फ 2 लाख रुपये उधार लिए थे। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि मुंबई में उनके तीन अपार्टमेंट हैं, लेकिन वे लंबे समय से भारत से बाहर रह रही हैं। इस वजह से उनके अपार्टमेंट की हालत काफी खराब हो चुकी है।

7 दिनों में महामंडलेश्वर पद से क्यों हटाया गया?

24 जनवरी 2025 को ममता कुलकर्णी को किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर पदवी दी गई थी। उन्होंने त्रिवेणी संगम में स्नान कर पिंडदान किया और फिर पट्टाभिषेक के बाद उनका नया नाम “श्रीयामाई ममता नंद गिरि” रखा गया। लेकिन महज 7 दिनों के भीतर ही किन्नर अखाड़े के संस्थापक ऋषि अजयदास ने उन्हें इस पद से हटा दिया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके अतीत से जुड़े विवाद और कुछ अंदरूनी मतभेदों के चलते यह फैसला लिया गया। इतना ही नहीं, उनके साथ आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी को भी पद से हटा दिया गया।

बॉलीवुड से संन्यास तक का सफर

ममता कुलकर्णी 90 के दशक की सुपरहिट एक्ट्रेस रही हैं। ‘आशिक आवारा’, ‘वक्त हमारा है’, ‘क्रांतिवीर’, ‘करण अर्जुन’ और ‘सबसे बड़ा खिलाड़ी’ जैसी फिल्मों से उन्होंने बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाई थी। हालांकि, बाद में उन्होंने इंडस्ट्री से दूरी बना ली और विवादों में भी रहीं।

कई सालों तक विदेश में रहने के बाद, अब उन्होंने संन्यास लेकर आध्यात्मिक राह पकड़ ली थी। लेकिन महाकुंभ में महामंडलेश्वर बनने और फिर हटाए जाने के बाद, उनका यह सफर एक नए मोड़ पर आ गया है।

About Post Author