KNEWS DESK – बॉलीवुड के मशहूर फोटोग्राफर अशोक पुनातर अब इस दुनिया में नहीं रहे। उनके अचानक निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया पर उनके फैंस और बॉलीवुड सेलेब्स उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
अशोक पुनातर उन फोटोग्राफर्स में से एक थे, जिन्होंने अपने कैमरे से बॉलीवुड के कई ऐतिहासिक पलों को कैद किया। उन्होंने अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, माधुरी दीक्षित, सलमान खान समेत कई दिग्गज सितारों के लिए फोटोग्राफी की थी। उनकी तस्वीरों को सिर्फ तस्वीरें नहीं, बल्कि एक कहानी कहा जाता था।
विरल भयानी के इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए यह जानकारी सामने आई कि अशोक पुनातर ने दुनिया को अलविदा कह दिया है। उनके निधन के बाद इंडस्ट्री में गम का माहौल है और कई फोटोग्राफर्स ने उन्हें अपनी प्रेरणा बताया है। अशोक पुनातर ने अपने करियर में कई प्रतिष्ठित मैगजीन और मीडिया हाउस के लिए काम किया, जिनमें मायापुरी मैगजीन भी शामिल है। उन्होंने कई फिल्मी पोस्टर्स, प्रमोशनल शूट्स और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री की अनगिनत यादगार तस्वीरें खींची थीं।
फोटोग्राफी की विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं उनके बेटे
अशोक पुनातर का योगदान सिर्फ उनके काम तक ही सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने एक समृद्ध विरासत भी छोड़ी है। उनके बेटे कसुनल पुनातर भी उनके नक्शे-कदम पर चलते हुए फोटोग्राफी में करियर बना रहे हैं।
अशोक पुनातर के निधन की खबर सामने आते ही बॉलीवुड के कई कलाकारों और उनके प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि अर्पित की। एक यूजर ने लिखा, “उन्होंने बॉलीवुड के कई अनमोल पलों को अपने कैमरे में कैद किया, उनकी कमी हमेशा खलेगी।” वहीं, एक अन्य फैन ने कहा, “अशोक पुनातर एक महान फोटोग्राफर थे, उनकी तस्वीरों ने हमें बॉलीवुड की सुनहरी यादें दीं।”