पूर्व पीएम राजीव गांधी की 80वीं जयंती आज, राहुल गांधी ने दी श्रद्धांजलि, प्रधानमंत्री समेत इन नेताओं ने पोस्ट शेयर कर किया याद

KNEWS DESK- आज देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 80वीं जयंती के अवसर पर, उनके बेटे और कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने दिल्ली स्थित वीरभूमि में जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। दिल्ली में सुबह से लगातार हो रही बारिश के बावजूद, राहुल गांधी और उनके परिवार ने इस विशेष दिन को श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया। इस अवसर पर राहुल गांधी के साथ उनकी बहन प्रियंका गांधी के पति राबर्ट वाड्रा और उनका बेटा भी मौजूद था|

वीरभूमि में श्रद्धांजलि अर्पित करने के दौरान, राहुल गांधी ने अपने पिता के योगदान को याद किया और उनकी जयंती पर उन्हें नमन किया। इस मौके पर कांग्रेस के अन्य नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद थे। हालांकि, राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी और मां सोनिया गांधी इस आयोजन में उपस्थित नहीं थीं|

https://x.com/INCIndia/status/1825722954925379715

कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी इस अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, आज देश सद्भावना दिवस मना रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी, भारत के महान सपूत थे, जिन्होंने अपने अभूतपूर्व योगदान से भारत को 21वीं सदी में पहुंचाया। उनके द्वारा किए गए कई ऐतिहासिक सुधारों ने देश में परिवर्तनकारी बदलाव लाए|

खरगे ने राजीव गांधी की कई उपलब्धियों को भी सराहा, जैसे मतदान की आयु को घटाकर 18 वर्ष करना, पंचायती राज को सशक्त बनाना, और आईटी क्रांति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाना।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस अवसर पर राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की और उन्हें याद किया। मोदी ने लिखा, पूर्व प्रधानमंत्री श्री राजीव गांधी जी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं|

इसके अलावा, कांग्रेस पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की और उन्हें एक दूरदर्शी नेता बताया, जिनके सुधारों ने भारत को 21वीं सदी के लिए तैयार किया|

About Post Author