दिल्ली में प्रोजेक्ट वीर गाथा का सम्मान समारोह, रक्षा मंत्री ने कार्यक्रम की सराहना की

KNEWS DESK-  आज राजधानी दिल्ली में प्रोजेक्ट वीर गाथा के तहत एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसमें चयनित युवाओं को देश का भविष्य बताया और उनके प्रयासों को उच्च सम्मान दिया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में कहा, “प्रोजेक्ट वीर गाथा में चयनित होना कोई छोटी उपलब्धि नहीं है। आप देश का भविष्य हैं और पूरी दुनिया में हमारे देश का गौरव बढ़ाएंगे। आपमें प्रतिभा है, और यह केवल आपके उज्जवल भविष्य की शुरुआत है।” उन्होंने यह भी बताया कि 100 चयनित युवाओं में से 66 लड़कियां हैं, जिनमें एक मणिपुर से भी शामिल है। राजनाथ सिंह ने इन सभी को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और उनके कार्यों की सराहना की।

प्रोजेक्ट वीर गाथा क्या है? प्रोजेक्ट वीर गाथा की शुरुआत साल 2021 में वीरता पुरस्कार विजेताओं की वीरता, निस्वार्थ बलिदान और साहस की प्रेरक कहानियों को छात्रों के बीच प्रसारित करने के उद्देश्य से की गई थी। इसका मकसद छात्रों में देशभक्ति की भावना को जागृत करना और सशस्त्र बलों के बलिदान और वीरता के बारे में उन्हें जानकारी देना था। इसके तहत, स्कूली छात्रों को वीरता पुरस्कार विजेताओं के कार्यों और बलिदान पर आधारित रचनात्मक गतिविधियों करने के लिए प्रेरित किया जाता है।

प्रोजेक्ट वीर गाथा के अब तक तीन संस्करण—2021, 2022 और 2023—आयोजित हो चुके हैं। इस वर्ष, प्रोजेक्ट वीर गाथा 4.0 में 1.76 करोड़ से अधिक स्कूली छात्रों ने भाग लिया। इन छात्रों ने सशस्त्र बलों के अधिकारियों/जवानों की बहादुरी और बलिदान के सम्मान में कविताएं, पेंटिंग, निबंध, वीडियो आदि भेजे। यह कार्यक्रम छात्रों के अंदर देश की रक्षा में योगदान देने की भावना को प्रबल करता है।

प्रोजेक्ट वीर गाथा के जरिए न केवल वीरता और बलिदान की प्रेरक कहानियां छात्रों तक पहुँच रही हैं, बल्कि यह युवाओं को अपने देश के प्रति सम्मान और सच्ची निष्ठा की भावना से भी जोड़ रहा है। यह कार्यक्रम भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस और त्याग को याद रखने और सम्मानित करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम के अंत में रक्षा मंत्री ने इन युवाओं के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे न केवल अपने परिवार का नाम रोशन करेंगे, बल्कि देश का नाम भी ऊँचा करेंगे।

ये भी पढ़ें-   श्रीनगर नगर निगम में मतगणना का दूसरा राउंड पूरा, देहरादून नगर निगम में भाजपा आगे

About Post Author