दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत भीषण गर्मी और हीटवेव की चपेट में, मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट जारी

KNEWS DESK- दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) इस समय भीषण गर्मी और हीटवेव के गंभीर दौर से गुजर रहे हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले 24 घंटों में दिल्ली का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इस गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद फिलहाल कम ही है, हालांकि 11 जून की देर शाम से मौसम में कुछ बदलाव की संभावना जताई गई है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली में 11 जून तक दिन के समय तेज गर्म हवाएं चलेंगी और कुछ इलाकों में 20–30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। इस दौरान तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। हीटवेव की तीव्रता को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

12 जून से मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। विभाग ने बताया कि इस दिन आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि इस दिन “हॉट एंड ह्यूमिड कंडीशन” बनी रहेगी, जिसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

गर्मी से कुछ राहत की उम्मीद 13 से 15 जून के बीच जताई जा रही है। इस दौरान दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान घटकर 37 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच आ सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से इन दिनों भी सतर्क रहने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है।

जम्मू-कश्मीर में भी तापमान में भारी वृद्धि देखी जा रही है। अगले तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है और हीटवेव की स्थिति बनी रहने की चेतावनी दी गई है।

पंजाब और हरियाणा में भी हालात चिंताजनक हैं। मौसम विभाग ने दोनों राज्यों में अगले चार दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। इन इलाकों में दिन के समय तेज गर्मी और लू चलने की संभावना है।

राजस्थान में हालात सबसे गंभीर बने हुए हैं। पश्चिमी राजस्थान में रेड अलर्ट जारी किया गया है। यहां गर्म हवाओं के साथ-साथ “वॉर्म नाइट” यानी रातों में भी तापमान अधिक रहने की चेतावनी दी गई है। पूर्वी राजस्थान में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में भी गर्मी का कहर जारी है। पश्चिमी और पूर्वी यूपी तथा उत्तर मध्य प्रदेश में तापमान में वृद्धि के चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है।