‘पीड़िता को न्याय दिलाने की जगह आरोपियों को बचाने की कोशिश…’, कोलकाता कांड पर बोले राहुल गांधी

KNEWS DESK- कोलकाता में एक ट्रेनी डॉक्टर के साथ हुए बलात्कार और हत्या की घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया है| इस वीभत्स घटना की जांच वर्तमान में सीबीआई द्वारा की जा रही है, और इसके चलते पूरे देश में आक्रोश का माहौल बना हुआ है| इस घटना पर विभिन्न राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी आ रही हैं, जिनमें कांग्रेस और भाजपा की ओर से तीखी टिप्पणियां की गई हैं|

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने इस जघन्य अपराध पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट साझा किया| राहुल गांधी ने लिखा, कोलकाता में जूनियर डॉक्टर के साथ हुई रेप और मर्डर की वीभत्स घटना से पूरा देश स्तब्ध है| इस घटना ने डॉक्टर्स और महिलाओं के बीच असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है| आरोपियों को बचाने की कोशिश अस्पताल और स्थानीय प्रशासन पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है|

राहुल गांधी ने निर्भया, उन्नाव, और कठुआ की घटनाओं का भी उल्लेख किया और सवाल उठाया कि अगर मेडिकल कॉलेज जैसी सुरक्षित जगह पर डॉक्टर सुरक्षित नहीं हैं तो अभिभावक अपनी बेटियों को कैसे सुरक्षित समझें| उन्होंने कानूनों की विफलता पर भी चिंता व्यक्त की और कहा कि इन घटनाओं को रोकने के लिए हर दल और वर्ग को मिलकर ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है| राहुल गांधी ने पीड़िता के परिवार के साथ खड़े होने की बात भी कही और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की|

भाजपा ने ममता सरकार पर कसा तंज 

भाजपा ने ममता बनर्जी की सरकार को निशाना बनाते हुए आरोप लगाया है कि सरकार दोषियों को बचाने की कोशिश कर रही है| भाजपा नेताओं ने इस घटना को ममता बनर्जी की राजनीति से जोड़ते हुए कहा कि घटना के तथ्यों को छिपाने का प्रयास किया जा रहा है| भाजपा सांसद जगन्नाथ सरकार ने कहा, ममता बनर्जी की राजनीति के कारण आज जो कुछ हो रहा है, वह निंदनीय है| असली आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए|  वहीं, टीएमसी ने घटना की सच्चाई सामने आने की बात की है और सीबीआई जांच पर सवाल उठाए हैं| टीएमसी नेताओं का कहना है कि सही तथ्य सामने आना चाहिए|

About Post Author