KNEWS DESK, दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार (3 फरवरी) को शाम छह बजे चुनाव प्रचार समाप्त हो गया। अब 5 फरवरी को वोटिंग होगी और चुनाव के नतीजे 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन विभिन्न राजनीतिक दलों के दिग्गजों ने जनता से संपर्क साधा और अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के लिए समर्थन मांगा।
एग्जिट पोल पर प्रतिबंध
निर्वाचन आयोग ने 5 फरवरी को सुबह सात बजे से शाम 6:30 बजे तक एग्जिट पोल पर प्रतिबंध लगा दिया है। दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। आयोग ने मीडिया और अन्य समाचार चैनलों को निर्देशित किया है कि एग्जिट पोल, ओपिनियन पोल या किसी अन्य चुनाव सर्वेक्षण के परिणामों का प्रसारण नहीं किया जाए।
13,766 पोलिंग स्टेशन पर होगी वोटिंग
दिल्ली मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, वोटिंग के लिए दिल्ली में 13,766 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। इनमें 83.76 लाख पुरुष, 72.36 लाख महिलाएं और 1,267 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा, 733 पोलिंग बूथ दिव्यांग मतदाताओं के लिए निर्धारित किए गए हैं।
घर से मतदान की सुविधा: 6,980 वोट डाले गए
वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं के लिए घर से मतदान की सुविधा 24 जनवरी से शुरू हुई थी। 7553 पात्र मतदाताओं में से 6980 ने पहले ही अपने वोट डाल दिए हैं। यह सुविधा 4 फरवरी तक जारी रहेगी।
आचार संहिता उल्लंघन के 1,000 से ज्यादा मामले दर्ज
7 जनवरी को आचार संहिता लागू होने के बाद इसके उल्लंघन के 1,000 से ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं। इस दौरान 33,434 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम: 220 पारा मिलिट्री कंपनियां तैनात
चुनाव आयोग ने दिल्ली में पारा मिलिट्री फोर्स की 220 कंपनियां तैनात की हैं। इसके अलावा, 19,000 होम गार्ड्स और 35,626 दिल्ली पुलिस के जवानों को भी चुनावी सुरक्षा में लगाया गया है।
यह भी पढ़ें- शिमला में विधायक प्राथमिकता बैठक, बीजेपी विधायकों ने किया बहिष्कार