खाद्य तेल में आत्मनिर्भरता, कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने 600 क्लस्टर से प्रमाणित बीजों के मुफ्त वितरण की घोषणा की

KNEWS DESK-  भोपाल में शुक्रवार को प्रेसवार्ता के दौरान कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केंद्र सरकार द्वारा लिए गए दो महत्वपूर्ण फैसलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत की खाद्य तेल की कुल आवश्यकता 2022-23 में 29.2 मिलियन टन थी, जबकि घरेलू उत्पादन केवल 12.7 मिलियन टन ही हो पाया। इस कमी को पूरा करने के लिए भारत को विदेशी आयात पर निर्भर रहना पड़ता है। इसे देखते हुए, सरकार ने आयात पर निर्भरता खत्म करने और खाद्य तेलों में आत्मनिर्भर बनने के लिए “राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन” की स्थापना की है।

उन्नत बीजों का वितरण

शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि इस मिशन के तहत 10,103 करोड़ 38 लाख रुपए की लागत से ऑइल सीड्स का उत्पादन बढ़ाने के लिए उन्नत बीज किसानों को उपलब्ध कराए जाएंगे। आईसीएमआर द्वारा निर्मित इन बीजों को किसानों को मुफ्त में वितरित किया जाएगा। पूरे देश में 600 कलस्टर बनाए जाएंगे, जहां किसानों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा और नई तकनीकों के बारे में जानकारी दी जाएगी।

उत्पादन क्षेत्र का विस्तार

कृषि मंत्री ने बताया कि हर साल 10 लाख हेक्टर क्षेत्र में खेती की जाएगी, और 7 साल में 70 लाख हेक्टर एरिया इस योजना के अंतर्गत लाया जाएगा। इसके लिए 65 नए बीज केंद्र और 50 भंडारण इकाइयां भी बनाई जाएंगी। साथ ही, फसलों की इंटरक्रॉपिंग का उपयोग कर उत्पादन को बढ़ाया जाएगा।

सरकार की नई योजनाएँ

शिवराज ने कहा कि केंद्र सरकार ने प्याज, दाल, और चावल के बफर स्टॉक बनाने की योजना बनाई है। इन उत्पादों के दाम बढ़ने पर सस्ते दाम पर उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को किसानों के खातों में किसान सम्मान निधि की राशि ट्रांसफर करेंगे, जिसमें 20 हजार करोड़ रुपए शामिल होंगे।

डिजिटल कृषि मिशन की शुरुआत

कृषि मंत्री ने “डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन” का भी जिक्र किया, जिसके तहत रिमोट डिजिटल तकनीक से फसल के नुकसान का आकलन किया जाएगा। इस तकनीक से डेटा में हेरफेर की संभावना को समाप्त किया जाएगा और फसल की बुआई पर डिजिटल फोटो अपडेट किए जाएंगे।

आगामी चुनावों पर प्रतिक्रिया

शिवराज सिंह चौहान ने जम्मू-कश्मीर और हरियाणा के चुनावों के संदर्भ में भी अपनी राय व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भाजपा दोनों राज्यों में सरकार बनाएगी और पार्टी के पक्ष में माहौल बना है।

ये भी पढ़ें-  विकसित मध्यप्रदेश के लिए टीम भावना के साथ कार्य करें- मुख्य सचिव अनुराग जैन

About Post Author